प्रदेश कांग्रेस सरकार के संरक्षण में आतंक फैला रहे हैं पेपर माफिया, खनन माफिया और अपराधी गुंडे : कैलाश चौधरी

सतीश गोयल की रिपोर्ट

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने बायतु एवं बालोतरा में भाजपा की जन आक्रोश जनसभाओं को किया संबोधित, कहा- प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन से छुटकारा पाने के लिए कर रही है इंतजार, आगामी चुनाव में बनेगी पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार

बायतु/बालोतरा (बाड़मेर)

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर है। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी इस दौरान राजस्थान की कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित जनाक्रोश जनसभाओं में सम्मिलित हो रहे हैं। रविवार को कैलाश चौधरी ने बायतु विधानसभा में जन आक्रोश जनसभा में भाग लेने से पहले सिद्ध श्री खेमाबाबा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

साथ ही भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने बालोतरा में पचपदरा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा जन आक्रोश जनसभा में सम्मिलित होकर आमजन को प्रदेश कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार एवं जंगलराज के बारे में जानकारी दी।

बायतु एवं बालोतरा में आयोजित भाजपा जनाक्रोश जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से आमजन को अवगत करवाया।

कैलाश चौधरी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कांग्रेस के भ्रष्टाचार एवं जंगलराज से जनता पूर्ण रूप से त्रस्त हो चुकी है। भाजपा की जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से जनता जल्द ही कांग्रेस के कुशासन से निजात पाएगी। कांग्रेस सरकार के मंत्री और नेता पेपर माफिया, खनन माफिया और अपराधी गुंडों से वसूली कर रहे हैं तथा उन्हें आमजन को लूटने के लिए खुला छोड़ रखा है।

सामान्य विद्यार्थी दिन रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। वहीं कांग्रेसी नेताओं की मिलीभगत और सरंक्षण में अपराधी तत्व पेपर को लीक करने का काम कर रहे हैं। आगामी चुनाव में युवाओं सहित प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस के कुशासन से छुटकारा पाने के लिए भाजपा को वोट करेगा और निश्चित रूप से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर सुशासन का राज्य स्थापित करेगा।

error: Content is protected !!