झूठे वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार माफियाओं के माध्यम से प्रदेश को खुलेआम लूट रही है : कैलाश चौधरी

चौहटन विधानसभा मुख्यालय पर आयोजित भाजपा जनाक्रोश महासभा में सम्मिलित हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी एवं फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई सहित स्थानीय भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

चौहटन (बाड़मेर)

ललित दवे

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे पर है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने चौहटन विधानसभा मुख्यालय पर प्रदेश कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार एवं जंगलराज के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित जन आक्रोश महासभा में भाग लिया। जन आक्रोश जनसभा में संबोधन के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर सत्ता में आई है। चुनाव से पहले किए गए वादों में एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ने सहित बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं लेकिन राजस्थान की जनता से किए गए अपने ही वादों को भूल गए हैं। गहलोत सरकार के कुशासन से परेशान राजस्थान की जनता पूछ रही है कि राहुल गांधी चुनाव से पहले किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी को लेकर जो गिनती गिन कर गए थे, उसका क्या हुआ? उन्होंने राज्य में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि ये घटनाएं युवाओं के साथ अन्याय है और राज्य में कानून का शासन नहीं है। महिलाओं एवं अनुसूचित जाति जनजाति सहित प्रदेश के सभी वर्गों के साथ अन्याय एवं अत्याचार बढ़ रहा है। आगामी विधानसभा में निश्चित रूप से प्रदेश की जनता वोट की चोट के माध्यम से कांग्रेस सरकार को इसका करारा सबक सिखाएगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठे वादे करके राज्य की सत्ता में आए हैं। चार साल सरकार में रहने के बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया। सरकार किसानों और आम लोगों को सबसे महंगी बिजली दे रही है। फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई ने कहा कि प्रदेश में क्या हो रहा है? पेपर लीक हो रहे हैं- यह युवाओं के साथ विश्वासघात और अन्याय है। पेपर माफिया, खनन माफिया एवं अपराधी गुंडी खुलेआम लूट मचा रहे हैं लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार सोई हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का यह कर्तव्य है कि सोई हुई कांग्रेस सरकार को जगाने का काम करें।

जन आक्रोश जनसभा में यह रहे उपस्थित : पूर्व केंद्रीय मंत्री सी आर चौधरी, फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, भाजपा प्रदेश मंत्री के के विश्नोई, पूर्व विधायक तरुणराय कागा, भाजपा जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप पालीवाल, भाजपा जिला महामंत्री बालाराम मूंढ एवं स्वरूप सिंह खारा, जिला उपाध्यक्ष खंगार सिंह सोढा, डॉ एमआर गढ़वीर, चौहटन प्रधान रूपाराम सारण, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह भादू, जिला परिषद सदस्य एडवोकेट रूपसिंह राठौड़ एवं नरपतराज मूंढ सहित स्थानीय भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!