प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित

बदायूं से नरेश पाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट यूपी फाइट टाइम्स

बदायूँ : 25 मार्च। प्रदेश सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छह वर्ष प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहे हैं। फुल मेजोरटी की सरकार और एक स्थिर सरकार के कार्य कैसे होते हैं प्रदेश की जनता ने भाजपा के शासनकाल में यह देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कभी कहा जाता था उत्तर प्रदेश का कभी वकिस नहीं हो सकता है। आज यूपी विकास की दौड़ में सबसे आगे हैं। आज भाजपा सरकार के छह वर्ष पूर्ण हुए हैं। जिसमें 3 साल वैश्विक महामारी कोविड में निकल गए। इस दौरान हम एक दूसरे के साथ मजबूती से खड़े रहे। भाजपा शासन काल के छह वर्षों के अथक प्रयासों के बाद अब यूपी की नई छवि देश और दुनिया के सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने छह वर्षों में यूपी पुलिस में कई सुधार किए हैं। प्रदेश में सात पुलिस कमिश्नरेट बने हैं। पिछली सरकारों के मुकाबले अपराध में कमी आई है।


शनिवार को इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी मनोज कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 ओपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता व अन्य प्रतिनिधियों व जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

इस दौरान खादी ग्रामोद्योग टूलकिट योजना अन्तर्गत 32 लाभार्थियों को कुम्हारी चाक, 04 लाभार्थियों को पोपकॉर्न मशीन, 04 लाभार्थियों को दोना-पत्तल मशीन एवं माटी कला योजना अन्तर्गत 10 लाभार्थियों के समूह को दीया मेकिंग मशीन वितरित की गई। सरकार की योजनाओं पर आधारित बुकलेट, फोल्डर एवं पोस्टर का भी विमोचन किया गया। इसके पश्चात उन्होंने प्रेसवार्ता आयोजित की। उन्होंने कलेक्ट्रेट प्रांगण में लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन कर प्रशंसा की।
राज्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सभी क्षेत्रों में कार्य करते हुए प्रत्येक श्रेणी के व्यक्ति को लाभांवित कर रही है।

प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए सभी लोग संकल्पित होकर कार्य कर रहे है। उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना दिया है। प्रदेश आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से वैश्विक मंच पर अपना वैभव बिखेर रहा है। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था के चलते भय मुक्त माहौल बना हुआ है। डीएम ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार विभागों से सम्बंधित योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी को समय से उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय कुमार सिंह, एसपी सिटी एके श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रदीप वार्ष्णेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार, डीसी मनरेगा रामसागर यादव, उपजिलाधिकारी सुखलाल प्रसाद वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक, पूर्व एमएलसी जीतेन्द्र यादव, शारदेन्दु पाठक व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!